सरगुजा

ट्रांसफार्मर-केबल तार चोरी, 2 बंदी
06-Nov-2026 11:01 PM
ट्रांसफार्मर-केबल तार चोरी, 2 बंदी

6 चोरी का खुलासा, 10 लाख की संपत्ति जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6  नवंबर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मर और केबल तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चोरी के ट्रांसफार्मर की तांबे की कॉइल, केबल वायर और अन्य बिजली उपकरणों के साथ 76 हजार 900 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की कार्रवाई में उदयपुर, लखनपुर और कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की छह वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की रात करीब 3 से 4 बजे के बीच उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुडग़ांव में बिजली गुल होने पर ग्रामीण राजकुमार घर से बाहर निकला। इसी दौरान उसे कुछ लोगों के ट्रांसफार्मर चोरी करने की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखने पर 2-3 लोग ट्रांसफार्मर खोलकर चोरी करते नजर आए। इसकी सूचना ग्रामीणों को देने पर लोगों ने घेराबंदी कर एक आरोपी जसीम खान को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

चोरी गए ट्रांसफार्मर की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। मामले में उदयपुर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी का सामान बरामद करने के निर्देश दिए।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी जसीम खान  निवासी हरिगवां, थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज ने अपने साथी मो. तशरीफ खान और अन्य लोगों के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर एवं केबल तार चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी मो. तशरीफ खान  निवासी हरिगवां को पिकअप वाहन सहित गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से यूपी 64 सीटी 4079 क्रमांक का पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 76 हजार 900 रुपये नकद, ट्रांसफार्मर की तांबे की कॉइल, केबल वायर, क्लेम्प, कनेक्टर, लोहे के एंगल, वायरिंग बॉक्स, स्टे रॉड, स्टे वायर सहित अन्य बिजली उपकरण जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उदयपुर थाना क्षेत्र में एक, लखनपुर में दो और कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में तीन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के हैं और इनके विरुद्ध पूर्व में भी कई अपराध दर्ज हैं। प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अन्य थानों से भी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।


अन्य पोस्ट