सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 नवंबर। होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय 31वां एथलेटिक मीट 2026 बुधवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पहले दिन लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा विशिष्ट अतिथि तथा छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। दूसरे दिन नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा बिशप अंबिकापुर डॉ. एन्टोनिस बड़ा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि विधायक प्रबोध मिंज ने बताया कि वे होली क्रॉस स्कूल के पहले बैच के विद्यार्थी रहे हैं। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें विशेष रोमांच और गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कामना की कि विद्यालय के खेल आयोजन से ऐसी प्रतिभाएं सामने आएं, जो भविष्य में ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करें। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को खेलों में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।
आयोजन के दूसरे दिन मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष को अपनाने की सीख दी। विशिष्ट अतिथि बिशप डॉ. एन्टोनिस बड़ा ने बच्चों को स्वयं पर विश्वास रखने और असफलता के बाद दोबारा प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। जूनियर वर्ग में हर्ष केरकेट्टा और एनी एलिन यादव को चैंपियन घोषित किया गया। हाउस प्रतियोगिता में ब्लू हाउस प्रथम, ऑरेंज हाउस द्वितीय और रेड हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
सीनियर मार्च पास्ट में ब्लू हाउस की बालिका प्लाटून ने प्रथम, रेड हाउस की बालक प्लाटून ने द्वितीय और ग्रीन हाउस की बालिका प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वर्षभर आयोजित खेल गतिविधियों के आधार पर ग्रीन हाउस प्रथम, रेड हाउस द्वितीय और ब्लू हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
अभिभावकों के लिए भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं की बैंक बोन बैलेंसिंग प्रतियोगिता में गजाला परवीन प्रथम, रितिका कुजूर द्वितीय और दीपा कुमारी तृतीय रहीं। वहीं बॉम्बिंग द सिटी प्रतियोगिता में पिंकी यादव ने प्रथम, विकास कुमार सोनी ने द्वितीय और सुमन साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।