सरगुजा
दो दिनी गहन योग साधना शिविर शुरू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 नवंबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू से पहुंचे प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता, राजयोग प्रशिक्षक एवं पीस ऑफ माइंड टीवी (पीएमटीवी) के एंकर बीके रूपेश भाई के सानिध्य में बुधवार को अंबिकापुर के नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में दो दिवसीय गहन योग साधना शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में उन्होंने मन की चंचलता को विराम देकर आत्मचिंतन, आत्मिक शक्ति जागृत करने और परमात्मा से संबंध जोडऩे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवाकेंद्र की संचालिका राजयोगिनी बीके विद्या दीदी, आर्ट ऑफ लिविंग के प्रभारी अजय तिवारी, वरिष्ठ पार्षद रमेश जायसवाल एवं उप पुलिस अधीक्षक महालक्ष्मी बहन ने पुष्पगुच्छ भेंटकर बीके रूपेश भाई का स्वागत किया।
इस अवसर पर बीके विद्या दीदी ने उनके आध्यात्मिक सफर का परिचय देते हुए बताया कि रूपेश भाई की आध्यात्मिक यात्रा अंबिकापुर से ही प्रारंभ हुई थी। यहीं ब्रह्माकुमारीज संस्था के संपर्क में आने के बाद उन्होंने ईश्वरीय ज्ञान एवं राजयोग की शिक्षा प्राप्त की। आज वे अपनी प्रतिभा और समर्पण के माध्यम से देश-विदेश में आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश प्रसारित कर रहे हैं।
शिविर के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए बीके रूपेश भाई ने कहा कि योग तपस्या का वास्तविक अर्थ स्वयं के भीतर लौटना है। संसार की भागदौड़ में भटकते मन और बुद्धि को एकाग्र कर आत्मिक शक्ति को जागृत करना ही इसका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने भीतर छिपे काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे विकारों को समाप्त कर ईश्वरीय गुणों को धारण करना चाहिए।
परमात्मा के सानिध्य में रहकर मन और बुद्धि को नकारात्मक विचारों से मुक्त करना ही सच्ची साधना है।
उन्होंने कहा कि योग तपस्या श्रेष्ठ भविष्य के निर्माण का भी माध्यम है। जब व्यक्ति अपने संकल्पों को श्रेष्ठ बनाता है और बुद्धि को सकारात्मक दिशा देता है, तब उसके व्यक्तित्व में दिव्यता और श्रेष्ठता का विकास होता है। केवल आध्यात्मिक ज्ञान सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे जीवन में धारण करना और अनुभव करना ही वास्तविक पुरुषार्थ है।
बीके रूपेश भाई ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान में परमात्मा द्वारा दिए जा रहे ईश्वरीय ज्ञान और राजयोग की शिक्षा का उद्देश्य मनुष्य का संपूर्ण आध्यात्मिक उत्थान करना है। इससे व्यक्ति ज्ञानवान, चरित्रवान और गुणवान बनने के साथ ईश्वरीय शक्तियों के आध्यात्मिक खजाने से संपन्न होता है।
उन्होंने उपस्थित भाई-बहनों से आह्वान किया कि दो दिवसीय शिविर को केवल एक आयोजन न समझें, बल्कि इसे स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाने और आत्मिक शक्तियों को जागृत करने का अवसर बनाएं। कुछ समय बाहरी गतिविधियों से स्वयं को अलग कर आत्मस्वरूप का अनुभव करें तथा परमात्मा से संबंध जोडक़र शांति, प्रेम, पवित्रता, सुख और आनंद की अनुभूति करें।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक उमंग देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर से अपनी आध्यात्मिक यात्रा शुरू करने वाले बीके रूपेश भाई का इसी शहर में पहुंचकर साधकों को योग तपस्या और आत्मिक उन्नति का मार्ग बताना स्थानीय अनुयायियों के लिए विशेष उत्साह का विषय रहा।