सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,4 नवंबर। शहर के मंदिर परिसर में भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में सरगुजा पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन का एक टुकड़ा भी बरामद किया गया है। कोतवाली और मणिपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सभी आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, केदारपुर निवासी ओमप्रकाश जायसवाल ने 18 अक्टूबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर परिसर में भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर उनकी पत्नी के गले से करीब 95 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति शहर में चोरी का सोना बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली और मणिपुर पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान संतोष गिरी, पिकू गिरी, अमर गिरी और रामकुमार गिरी के रूप में बताई। सभी आरोपी ग्राम कौनकोना ठिहाईपारा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से सोने के आभूषण का टुकड़ा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने 18 अक्टूबर को मंदिर परिसर में भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने की घटना स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।