सरगुजा

लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी जरूरी-रामकुमार टोप्पो
02-Nov-2026 8:35 PM
लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की भागीदारी जरूरी-रामकुमार टोप्पो

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर, 2 नवंबर। भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, उच्च शिक्षा विभाग रायपुर के निर्देशानुसार शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय सीतापुर में सोमवार को ‘युवा संवाद कार्यक्रम-2026’ के तहत ‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, विशिष्ट अतिथि संजय गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके टोप्पो तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित कुमार बरगाह ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि विधायक रामकुमार टोप्पो ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र को सशक्त बनाना और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करना संभव नहीं है। युवाओं की जनभागीदारी से ही लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आगे बढऩा चाहिए। युवा संवाद कार्यक्रम युवाओं को अपने विचार साझा करने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंच प्रदान करता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके टोप्पो ने कहा कि युवाओं को केवल कार्यक्रमों का श्रोता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताया। वहीं जनभागीदारी सदस्य किशन उपाध्याय ने भी युवाओं से अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया।

कार्यशाला में महाविद्यालय के सक्रिय युवा प्रतिभागियों रेचल तिर्की, नागेंद्र विशाल, बलवंती, सरस्वती, शुभलक्ष्मी, करुणा एक्का, रथमणि और सोनाली ने अपने विचार प्रस्तुत किए। संवाद के दौरान लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता, राष्ट्र विकास, विकसित भारत, डिजिटल जागरूकता, नशामुक्त भारत तथा नेतृत्व क्षमता के विकास में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने ‘इमर्जिंग ट्रेंड्स इन साइंस, टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट’ पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित कुमार बरगाह ने युवा संवाद के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए सशक्त मंच प्रदान करती है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा जनप्रतिनिधि संजय गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पंकज गुप्ता, किशन उपाध्याय, संकेत गुप्ता, नवीन बड़ा, शिवम गुप्ता, दिव्यांश गुप्ता, रवि गुप्ता, अर्नव अग्रवाल एवं सोनू सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट