सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 31 अक्टूबर। नगर में शुक्रवार की शाम एक सडक़ हादसे में प्रतिष्ठित व्यापारी की मौत हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार व्यापारी को तेज रफ्तार ट्राला ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना की खबर फैलते ही व्यापारिक जगत सहित नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
सीतापुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं निहारिका जनरल स्टोर के संचालक तिरलोक चंद गोयल (74 वर्ष) शुक्रवार शाम करीब 6 बजे बाजार से स्कूटी पर सवार होकर सोनतराई स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेंट्रल बैंक चौक के पास सरगुजा साड़ी हाउस के सामने एनएच-43 पर ट्राला ट्रक क्रमांक यूपी 78 जेएन 2987 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यापारी संभलने का मौका भी नहीं पा सके। ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
तिरलोक चंद गोयल नगर के प्रतिष्ठित व्यापारियों में शुमार थे। निहारिका जनरल स्टोर के माध्यम से लंबे समय से व्यवसाय से जुड़े होने के कारण नगर में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिचितों, व्यापारियों और नगरवासियों में शोक व्याप्त हो गया।