सरगुजा

सरगुजा संभाग में तीन दिन और बिगड़ा रहेगा मौसम, बारिश के साथ भारी वर्षा की चेतावनी, ठंड की भी होगी दस्तक
30-Oct-2026 9:33 PM
सरगुजा संभाग में तीन दिन और बिगड़ा रहेगा मौसम, बारिश के साथ भारी वर्षा की चेतावनी, ठंड की भी होगी दस्तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 अक्टूबर। सरगुजा संभाग में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक संभाग के विभिन्न जिलों में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। लगातार बदलते मौसम और बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन संभाग के सभी जिलों में शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं बलरामपुर और सूरजपुर जिले में गुरुवार देर रात तक हुई लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई जगह पानी लबालब भर गया है।

 बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक देखने को मिल रहा है। बलरामपुर और सूरजपुर जिले में देर रात तक बारिश जारी रहने से नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ गया है। निचले इलाकों और खेतों में पानी भरने की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ी है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। संबंधित क्षेत्रों में फसल क्षति की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि वास्तविक नुकसान का पता लगाया जा सके।

हालांकि सरगुजा जिले में फिलहाल फसलों को ज्यादा नुकसान होने की जानकारी सामने नहीं आई है। इसके बावजूद मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर उन किसानों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिनकी फसल खेतों में तैयार खड़ी है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से कृषि कार्य भी प्रभावित होने की आशंका है।

तीन दिनों तक बादलों का डेरा, कहीं-कहीं होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सरगुजा संभाग में आगामी तीन दिनों तक मौसम का असर बना रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। बारिश से पहले सरगुजा जिले में न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन बादल और बारिश के कारण इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश और बादलों का दौर समाप्त होने के बाद आसमान साफ होने पर न्यूनतम तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है। नवंबर के पहले सप्ताह से तापमान में कमी आने की संभावना है। इसके साथ ही सरगुजा संभाग में ठंड का असर धीरे-धीरे बढऩे लगेगा। अंबिकापुर सहित मैनपाट, लखनपुर, उदयपुर, सीतापुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है।

स्कूल बंद, सतर्कता बरतने की जरूरत

खराब मौसम की आशंका को देखते हुए संभाग के सभी जिलों में शुक्रवार को स्कूल बंद रखे गए हैं। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उफनते नदी-नालों को पार करने से बचना चाहिए। किसानों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है।

फिलहाल सरगुजा संभाग में मौसम की स्थिति अगले तीन दिनों तक लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। बारिश का दौर थमने के बाद जहां मौसम साफ होने की उम्मीद है, वहीं नवंबर के पहले सप्ताह से ठंड का प्रभाव बढऩे के आसार हैं।


अन्य पोस्ट