सरगुजा
अंबिकापुर, 30 अक्टूबर। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने और नाबालिग को वाहन चलाने के लिए देने के तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में पेश किए। सुनवाई के बाद न्यायालय ने संबंधित वाहन चालकों एवं अभिभावक पर कुल 45 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ड्रिंक एंड ड्राइव के पहले मामले में गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटपरिया निवासी 40 वर्षीय मनोज तिर्की को वाहन क्रमांक सीजी 01 यूएफ 0304 शराब के नशे में चलाते पकड़ा गया। न्यायालय ने उसे 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
दूसरे मामले में लुंड्रा थाना क्षेत्र के जरहाडीह निवासी 34 वर्षीय दिलीप गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता वाहन क्रमांक सीजी 15 जीपी 2003 को शराब के नशे में चलाते पाए गए। न्यायालय ने इस मामले में भी 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
वहीं, अंडरएज ड्राइविंग के मामले में अंबिकापुर के नवागढ़ निवासी 45 वर्षीय अरुण सिंह द्वारा अपने नाबालिग बच्चे को वाहन क्रमांक सीजी 15 ईई 6127 चलाने के लिए दिया गया था। इस मामले में वाहन स्वामी एवं अभिभावक को जिम्मेदार मानते हुए न्यायालय ने 25 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन न चलाएं। साथ ही अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें। नियमों का उल्लंघन करने पर अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे।