सरगुजा
घने बादलों के साथ बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 अक्टूबर। सरगुजा सहित उत्तर छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। आसमान में घने बादल छाने के साथ कई इलाकों में बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीगने लगी है, वहीं खेतों में खड़ी धान की फसल के गिरने की आशंका भी जताई जा रही है। मौसम में आए इस बदलाव से धान की कटाई और मिंजाई का काम प्रभावित होने की संभावना है। किसान इन दिनों फसल को सुरक्षित घरों तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं, लेकिन बारिश के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में रखा है, उन्हें फसल खराब होने का डर सता रहा है।
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार सरगुजा सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अगले 48 घंटे तक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बनी रह सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, जिलेवार बारिश की मात्रा और प्रभाव अलग-अलग हो सकता है। धान की फसल पककर तैयार होने के बाद किसान कटाई में जुटे हैं। ऐसे समय में बारिश होने से खेतों में रखी धान की बालियां भीग सकती हैं। नमी बढऩे से धान की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ मिंजाई और भंडारण में भी परेशानी आ सकती है। वहीं तेज हवा और बारिश से तैयार फसल जमीन पर गिरने का खतरा बना हुआ है।
सरगुजा सहित कई जिलों के लिए अलर्ट
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। कटी हुई धान की फसल को जहां संभव हो, सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखने तथा खेतों में जलभराव से बचाव के उपाय करने की सलाह दी जाती है। किसानों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों पर भी ध्यान देना चाहिए। फिलहाल किसानों की नजर मौसम पर टिकी हुई है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो धान की कटाई और मिंजाई में देरी होने के साथ फसल की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।