सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 अक्टूबर। गांधीनगर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई दो मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला ग्राम बडऩीझरिया निवासी इंद्रकमल जायसवाल की शिकायत से जुड़ा है।
प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की रात उनके घर के सामने खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीवी 1607 को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। इस मामले में गांधीनगर थाने में धारा 305(बी) और 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वहीं, दूसरे मामले में डिगमा निवासी राजकुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 अक्टूबर 2026 को भगवानपुर स्थित शासकीय हाई स्कूल के बगल से उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 30 जी-0529 चोरी हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 687/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही छोटे लाल (28 वर्ष), निवासी मंजीरा फुलकुंवर पारा, थाना जयनगर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर दोनों चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली गईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।