सरगुजा

वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन की तैयारियों पर कांग्रेस की बैठक
26-Oct-2026 8:00 PM
वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन की तैयारियों पर कांग्रेस की बैठक

टीएस सिंहदेव बोले- एसआईआर में छूटे मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए संशोधित फॉर्म जरूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 अक्टूबर। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन के तीसरे चरण और आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा की महत्वपूर्ण बैठक राजीव भवन में आयोजित की गई। एआईसीसी द्वारा आंदोलन के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चर्चा की गई। एआईसीसी पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया गैर-संवैधानिक थी, जिसके कारण देश के 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इसके खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण के साथ आंदोलन में जुटने का आह्वान किया।

एसआईआर में छूटे मतदाताओं के लिए अलग प्रक्रिया की मांग

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि एसआईआर के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कराया जाना इस प्रक्रिया में गंभीर खामियों की ओर संकेत करता है। उन्होंने एसआईआर में छूटे मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए फॉर्म-6 के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। सिंहदेव के अनुसार, फॉर्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए है। ऐसे में एसआईआर में छूटे मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए इसका उपयोग उचित नहीं है।

उन्होंने सुझाव दिया कि छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोडऩे के लिए संसद के माध्यम से संशोधित फॉर्म स्वीकृत कराया जाए और इसके बाद एसएसआर की प्रक्रिया के तहत नाम जोड़े जाएं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों की निगरानी करने और किसी भी तरह की गड़बड़ी के प्रति सतर्क रहने की अपील की। साथ ही भाजपा पर चुनाव के दौरान मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने की तैयारी का आरोप लगाया।

दिल्ली रैली में अधिक भागीदारी का आह्वान

कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सहप्रभारी जरिता लैतफलांग ने आंदोलन के तीसरे चरण की जानकारी साझा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को निष्ठा और अनुशासन के साथ देश के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जुटना होगा। वहीं, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सक्रिय रहने की अपील की।

बैठक का संचालन जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला कार्यकारिणी के सदस्य, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों सहित जिले के सैकड़ों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट