सरगुजा

सरगुजा पुलिस ने देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का किया सम्मान
26-Oct-2026 8:00 PM
सरगुजा पुलिस ने देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का किया सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 अक्टूबर। सरगुजा पुलिस परिवार ने देश के सबसे तेज धावकों में शामिल अनिमेष कुजूर की ऐतिहासिक खेल उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए उनका सम्मान किया। सोमवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने अनिमेष को सम्मानित किया। अनिमेष सरगुजा पुलिस में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर के बेटे हैं। उनकी उपलब्धियों को पुलिस अधिकारियों ने युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा और डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि अनिमेष ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से एथलेटिक्स के क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता युवाओं को खेल के प्रति समर्पित रहने और लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का समय

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम घुंटगांव में 2 जून 2003 को जन्मे अनिमेष कुजूर ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज कर जर्मनी के वेट्जलर में विदेश में सबसे तेज भारतीय धावक होने का गौरव हासिल किया। वहीं, 200 मीटर दौड़ में 20.32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है।

अनिमेष डायमंड लीग में दौडऩे वाले और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक भी हैं। उन्होंने एशियाई खेल 2026 और एशियाई रिले चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा सीनियर फेडरेशन कप 2026 और इंटर-स्टेट प्रतियोगिता 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।

साइबर जागृति अभियान में सरगुजा पुलिस को मिला प्रथम स्थान

समारोह के दौरान सरगुजा पुलिस की एक अन्य उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त साइबर जागृति अभियान के तहत सरगुजा पुलिस को रेंज में प्रथम स्थान मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बंसोड़, प्रशिक्षु आईपीएस, उप पुलिस अधीक्षक तुल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट