सरगुजा

3 दुकानों में चोरी का आरोपी बंदी
25-Oct-2026 8:44 PM
3 दुकानों में चोरी का आरोपी बंदी

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अक्टूबर। सरगुजा जिले में दुकानों में चोरी करने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विकास तिग्गा निवासी गुमगुरा खुर्द, थाना लखनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से पांच हजार रुपये नकद और एक टैब बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शहर की तीन दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। उसके खिलाफ सूरजपुर जिले में भी पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवशंकर साहनी ने 24 अक्टूबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नमनाकला खटिकपारा स्थित उनकी साहनी श्रृंगार स्टोर दुकान से नकदी चोरी हो गई है। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर विकास तिग्गा को पकडक़र पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने तीन दुकानों में चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 24 जुलाई की रात नमनाकला स्थित नंदन मेडिकल स्टोर का ताला तोडक़र रियलमी कंपनी का टैब और तीन हजार रुपये नकद चोरी किए थे।

वहीं, 16 अक्टूबर की रात भाथूपारा स्थित महामाया किराना दुकान का शटर तोडक़र किराना सामान निकाला था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि किराना सामान वह खा चुका है।

इसके अलावा, 23 अक्टूबर की रात साहनी श्रृंगार स्टोर का ताला तोडक़र आठ हजार रुपये चोरी करने की बात भी सामने आई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। टैब सहित बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

सूरजपुर में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सूरजपुर जिले में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूछताछ में उसने गांधीनगर और मणिपुर थाना क्षेत्रों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।


अन्य पोस्ट