सरगुजा

अंडर-14 वनडे प्लेट प्रतियोगिता के लिए सरगुजा की टीम घोषित
25-Oct-2026 8:39 PM
अंडर-14 वनडे प्लेट प्रतियोगिता के लिए सरगुजा की टीम घोषित

72 खिलाडिय़ों के ट्रायल के बाद चुनी गई सरगुजा की अंडर-14 टीम

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अक्टूबर। अंडर-14 वनडे प्लेट 2026 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए सरगुजा जिले की 16 सदस्यीय टीम का चयन कर लिया गया है। चयन प्रक्रिया में कुल 72 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। विभिन्न चरणों में खिलाडिय़ों की प्रतिभा और प्रदर्शन का आकलन करने के बाद अंतिम टीम घोषित की गई। चयनित टीम रविवार रात भिलाई के लिए रवाना होगी।

टीम चयन के लिए आयोजित ट्रायल में पहले 72 खिलाडिय़ों में से 40 खिलाडिय़ों का चयन किया गया। इसके बाद उनके बीच मैच आयोजित कर बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण सहित क्रिकेट की विभिन्न विधाओं में प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। इसी आधार पर 16 खिलाडिय़ों को मुख्य टीम में जगह दी गई, जबकि चार खिलाडिय़ों को स्टैंडबाय सूची में रखा गया है।

प्रतियोगिता में सरगुजा का पहला मुकाबला 27 अक्टूबर को दुर्ग के खिलाफ होगा। इसके बाद टीम कोरिया और बस्तर के साथ भी मुकाबले खेलेगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों के ठहरने की व्यवस्था भिलाई स्थित होटल आशीष इंटरनेशनल में की गई है। टीम के कोच अलंकार तिवारी और मैनेजर मुजाहिद खान होंगे।

16 खिलाडिय़ों को मुख्य टीम में मिली जगह

सरगुजा की मुख्य टीम में चिराग राजवाड़े, गगन बोस, हर्षवर्धन सिंह, सार्थक पाठक, अहान बरई, तौसिक मानिकपुरी, अनिकेत पांडेय, प्रिंस कुशवाहा, सामर्थ्य विश्वकर्मा, सनी ओझा, दिव्यांश सिंह, नीलोत्पल प्रतिभ, अभिज्ञान सिन्हा, स्वास्तिक केशरी, अभिराज बाजपेयी और वंश सिन्हा को शामिल किया गया है। वहीं, वेदांत गुप्ता, रुद्रांग त्रिपाठी, समर्थ शर्मा और शौर्यम सोनी को स्टैंडबाय खिलाड़ी के रूप में रखा गया है।

खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

चयन प्रक्रिया के दौरान विशेष दुबे, सौभिक दास गुप्ता, विनायक शर्मा, डुडू सिंह, अलंकार तिवारी, मुजाहिद खान और आदि जायसवाल सहित क्रिकेट संघ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

सरगुजा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने चयनित खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कम उम्र में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव खिलाडिय़ों के खेल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।

संघ के कोषाध्यक्ष शैलू सिंह ने भी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास और मेहनत पर ध्यान देने की बात कही। प्रतियोगिता में सरगुजा के युवा खिलाडिय़ों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।


अन्य पोस्ट