सरगुजा

गर्भाशय कैंसर के इलाज के लिए अब रायपुर-बिलासपुर जाने की जरूरत होगी कम
25-Oct-2026 8:38 PM
गर्भाशय कैंसर के इलाज के लिए अब रायपुर-बिलासपुर जाने की जरूरत होगी कम

 संकल्प हॉस्पिटल अंबिकापुर में सर्जरी और कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अक्टूबर। उत्तर सरगुजा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में संकल्प हॉस्पिटल अंबिकापुर ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब गर्भाशय कैंसर से पीडि़त मरीजों को इलाज के लिए रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिल सकती है। हॉस्पिटल में स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अंकिता गोयल के नेतृत्व में गर्भाशय कैंसर की सर्जरी और आवश्यकतानुसार कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

डॉ. अंकिता गोयल ने बताया कि लैप्रोस्कोपी तकनीक के माध्यम से छोटे चीरे से सर्जरी की जाती है। वहीं, कीमोथेरेपी के लिए डॉ. हिमांशु गुप्ता की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि पिछले महीने गर्भाशय कैंसर से पीडि़त करीब छह मरीजों की सर्जरी की गई। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीजों को आगे की देखभाल और चिकित्सकीय परामर्श भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

हॉस्पिटल में उपचार की सुविधा मिलने से सरगुजा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लंबी दूरी की यात्रा, अतिरिक्त खर्च और समय की बचत करने में मदद मिल रही है। साथ ही, परिजनों को भी उपचार के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल रही है।

असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज

 न करें महिलाएं

डॉ. गोयल ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेनोपॉज यानी माहवारी बंद होने के बाद रक्तस्राव, पीरियड्स के बीच असामान्य रक्तस्राव, अत्यधिक या लंबे समय तक माहवारी, असामान्य योनि स्राव और पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि गर्भाशय कैंसर का उपचार बीमारी की अवस्था और मरीज की स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर निर्धारित किया जाता है। इसमें आवश्यकतानुसार सर्जरी और कीमोथेरेपी की जरूरत पड़ सकती है।

समय पर जांच और उचित उपचार से बीमारी के प्रबंधन में मदद मिलती है।

संकल्प हॉस्पिटल में इन सुविधाओं की उपलब्धता से क्षेत्र के मरीजों को अपने शहर में ही उपचार और नियमित चिकित्सकीय देखभाल का विकल्प मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर जांच, उचित उपचार और नियमित चिकित्सकीय परामर्श महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


अन्य पोस्ट