सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 24 अक्टूबर। सरगुजा जिला के वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत 12 जंगली हाथियों के दल की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों के इस दल ने बीती रात हर्राघाट गांव में दो मकानों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हर्राघाट में मकानों को क्षति पहुंचाने के बाद हाथियों का दल ग्राम चकेरी के भुतानाखा जंगल में विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर रात के समय जंगल और हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वन विभाग के रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में अकेले जंगल की ओर न जाएं। हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें छेडऩे या भगाने का प्रयास न करें। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की है, ताकि हाथियों और ग्रामीणों के बीच किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।