सरगुजा
एक लाख 40 हजार के लिफाफे का जिक्र, सरकारी कर्मचारी का नाम हटवाने और प्रदर्शनकारियों को धमकाने की बातचीत का दावा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 22 अक्टूबर। चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के कुबेरपुर में स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की बोल्डर लोड ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत के बाद हुए बवाल का मामला अब एक कथित ऑडियो वायरल होने से फिर चर्चा में आ गया है। वायरल ऑडियो को जिले के एक प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षक के बीच बातचीत का बताया जा रहा है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को हुए हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अंतरराज्यीय मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। इस दौरान महावीर पाठक के क्रेशर में आगजनी हुई, जिसमें मौके पर खड़ी जेसीबी, क्रेशर और जनरेटर जलकर खाक हो गए थे। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ झूमाझटकी भी हुई थी, जिसमें कुछ अधिकारियों को चोटें आई थीं। देर शाम मृतका के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और शेष राशि के संबंध में कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ था। अगले दिन बिहारपुर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
घटना के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी कुबेरपुर पहुंची थीं। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। साथ ही, समय रहते स्थिति नहीं संभाल पाने को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी भी जताई थी।
घटना के करीब एक सप्ताह बाद गुरुवार को सामने आए कथित ऑडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। ऑडियो में कथित तौर पर एक लाख 40 हजार रुपये का लिफाफा अपने वरिष्ठ अधिकारी तक पहुंचाने, प्रदर्शन में शामिल एक सरकारी कर्मचारी का नाम प्रकरण से हटवाने और राशि देने वाले को चिंता नहीं करने की बात कही जा रही है।
बातचीत में प्रदर्शन के दौरान अपने साथ हुई मारपीट का जिक्र करते हुए संबंधित लोगों को पहचान लेने और उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने जैसी बातें भी कथित तौर पर सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा, प्रदर्शन की अगुवाई करने वाली महिला के संबंध में असभ्य भाषा के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है।कथित ऑडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की निष्पक्षता और पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, बातचीत में शामिल व्यक्तियों की पहचान, ऑडियो की सत्यता और कथित लेनदेन की वास्तविकता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।