सरगुजा

बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूरा, 11 गांवों को मिलेगी सुविधा
22-Oct-2026 8:37 PM
बबौली-बिलमा मार्ग का डामरीकरण पूरा, 11 गांवों को मिलेगी सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 22 अक्टूबर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में बबौली से बिलमा तक 2.20 किलोमीटर सडक़ का डामरीकरण कार्य पूरा हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए इस कार्य से आसपास के 11 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। मार्ग पर पांच नए पुल-पुलियों का निर्माण भी किया गया है।

239.82 लाख रुपये की मिली थी स्वीकृति

लोक निर्माण विभाग, संभाग अम्बिकापुर के अनुसार, सडक़ निर्माण एवं उन्नयन के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 14 अक्टूबर 2024 को 239.82 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी थी। निर्माण के लिए मेसर्स जवाहर लाल गुप्ता के साथ 239.95 लाख रुपये का अनुबंध किया गया। इसके तहत 3.75 मीटर चौड़ी सडक़ का डामरीकरण पूरा किया गया है।

11 गांवों के ग्रामीणों को होगा लाभ

इस मार्ग से जोरी, अम्बी, कर्री, पड़ौली, चेंगोरी, कुदर, चन्देश्वरपुर, बबौली, बिलमा, रघुपुर और देवसरा के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। सडक़ बनने से विकासखंड एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा। विद्यार्थियों और मरीजों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बेहतर सडक़ संपर्क से किसानों को कृषि उपज बाजारों और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। साथ ही कृषि सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं का परिवहन भी सुगम होगा। सडक़ निर्माण से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट