सरगुजा

टीएस सिंह देव ने की शस्त्र पूजा
21-Oct-2026 8:26 PM
टीएस सिंह देव ने की शस्त्र पूजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 अक्टूबर। सरगुजा अंचल में विजयादशमी का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरगुजा राजपरिवार द्वारा श्री रघुनाथ पैलेस में पारंपरिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें राजपरिवार के मुखिया टी.एस. सिंह देव एवं उनके उत्तराधिकारी आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने हिस्सा लिया।

श्री रघुनाथ पैलेस में राजपरिवार की परंपरा के अनुसार विभिन्न प्रतीकों और वस्तुओं की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। टी.एस. सिंह देव द्वारा शस्त्र, नगाड़ा, ध्वज, अश्व, गज और नवग्रह की पूजा की गई। भारतीय परंपरा में शस्त्र पूजन को आत्मरक्षा, साहस और धर्म की रक्षा का प्रतीक माना जाता है।

नगाड़ा, ध्वज, अश्व और गज राजपरिवार की ऐतिहासिक परंपराओं, राजकीय गरिमा और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

पैलेस देखने व महाराजा से मिलने पहुंचते है संभाग भर से लोग

सरगुजा राजपरिवार से जुड़ाव का प्रतीक है यह दशहरा उत्सव। सरगुजा में पुरातन परम्परा आज भी जारी है और सरगुजा संभाग के समस्त 6 जिलों से लोग सरगुजा राजपरिवार के इस दशहरा उत्सव में भारी संख्या में राजा के दर्शन के लिए पहुंचती है।

प्रत्येक वर्ष श्री रघुनाथ पैलेस सरगुजा आमजनों के लिये दशहरा के अवसर पर खोला जाता है, जहां दशहरा में भारी संख्या में लोग सरगुजा पैलेस में पहुंचते हैं। दशहरा के अवसर पर लगभग 30 से 40 हजार लोग पैलेस देखते हैं। पैलेस के बाहर ग्रामीण परिवेश के छोटे बाजार भी गुलजार रहते हैं, जहां पर दशहरा उत्सव में पहुंचे लोग दशहरा बाजार में खरीददारी करते हैं।

राजपरिवार से जुड़े पुराने परिवार आज भी दशहरा पर देते हैं नजऱाना

सरगुजा राजपरिवार से जुड़े पुराने कई परिवार जो विभिन्न क्षेत्रों में जमीदार अथवा अन्य क्षेत्रों में कार्यरत थे या राजपरिवार से पुराना संबंध है, ऐसे परिवारों में आज भी पीढ़ी दर पीढ़ी दशहरा के अवसर पर महाराजा को नजऱाना देने की परम्परा बनी हुई है। सरगुजा राजपरिवार से जुड़े अधिकतर लोग आज भी दशहरा के अवसर पर सरगुजा राजपरिवार के प्रमुख पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव को कुछ न कुछ भेंट करते हैं।

कचहरी में मिलने वालों को खिलाया जाता है पान

दशहरा के अवसर पर आमजनों से मिलने के लिये सरगुजा राजपरिवार के मुखिया कचहरी में बैठते हैं जहां पर हजारों की संख्या में लोग मिलने पहुंचते हैं। इस दौरान दशहरा के अवसर पर लोगों के लिये पान की भी व्यवस्था रहती है। लोगों को पान खिला कर दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी जाती है।


अन्य पोस्ट