सरगुजा

चैतन्य देवियों की झांकी का दशहरे पर हुआ समापन
21-Oct-2026 8:23 PM
चैतन्य देवियों की झांकी का दशहरे पर हुआ समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 अक्टूबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी का दशहरे के दिन समापन हुआ। समापन समारोह में पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत अपनी पत्नी कौशल्या भगत, पुत्र एवं सूरजपुर में पदस्थ मजिस्ट्रेट आशीष भगत तथा पुत्रवधू रुचि मिश्रा के साथ शामिल हुए। इस अवसर पर वक्ताओं ने बुराइयों का त्याग कर समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि नवरात्रि तपस्या और माता रानी की आराधना का पर्व है। हर वर्ष दशहरे पर रावण का वध किया जाता है, लेकिन इसके बावजूद समाज में बुराइयां बनी रहती हैं। इसलिए आवश्यक है कि हम अपने भीतर की बुराइयों को जड़ से समाप्त करें और प्रेम व भाईचारे को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि मां महामाया की नगरी में निवास करना सौभाग्य की बात है, जहां विभिन्न समाजों के बीच आपसी प्रेम और सद्भाव की परंपरा कायम है। उन्होंने प्रतिवर्ष चैतन्य देवियों की झांकी के माध्यम से आध्यात्मिक संदेश देने के लिए ब्रह्माकुमारी बहनों की सराहना की।

बीके विद्या दीदी ने कहा कि जिस प्रकार हमें अपने भीतर देवी शक्तियों का आह्वान करना है, उसी प्रकार आंतरिक बुराइयों का भी अंत करना होगा। काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे विकार मनुष्य को अशांत और दुखी बनाते हैं। इन पर विजय प्राप्त कर ही सच्चे रामराज्य की स्थापना की जा सकती है।

मजिस्ट्रेट आशीष भगत ने कहा कि बच्चों को सही और गलत के बीच अंतर समझाने के लिए उचित मार्गदर्शन जरूरी है। आज के बच्चों को सही दिशा देना बड़ों की जिम्मेदारी है, क्योंकि उनका बेहतर मार्गदर्शन ही उज्ज्वल भविष्य का आधार है।

आर्ट ऑफ लिविंग के संचालक अजय तिवारी ने कहा कि दशहरे पर हमें किसी बाहरी व्यक्ति का नहीं, बल्कि अपने भीतर छिपे आसुरी गुणों का अंत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने शुद्ध एवं सात्त्विक भोजन अपनाने, मांसाहार से दूर रहने और नशामुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी। साथ ही उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा भी कराई। मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी ने सभी को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।

रामायण भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रेखा बहन ने रामायण पर आधारित भजन प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। वहीं मन्नत, अन्वी और आरती ने राम, लक्ष्मण एवं सीता के स्वरूप में मनमोहक प्रस्तुति दी। आयोजन में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और चैतन्य देवियों के दर्शन किए। पूरे आयोजन में भक्ति, आध्यात्मिकता, सदाचार और आत्मशुद्धि का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट