सरगुजा

विजयादशमी महोत्सव: 80 फीट के रावण का होगा दहन
19-Oct-2026 9:18 PM
विजयादशमी महोत्सव: 80 फीट के रावण का होगा दहन

पीजी कॉलेज मैदान में लेजर लाइट से होगा रामायण का सजीव चित्रण, आतिशबाजी व संगीतमय संध्या भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 19 अक्टूबर। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले विजयादशमी महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कल मंगलवार को  स्थानीय पीजी कॉलेज मैदान में यह विशाल आयोजन पूरे हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ संपन्न होगा।

महोत्सव के तहत मंगलवार को शैला और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरने वाली इस शोभायात्रा में जगह-जगह भगवान श्री राम दरबार का आत्मीय व भव्य स्वागत किया जाएगा।

मुख्य आयोजन स्थल पी जी कॉलेज मैदान में दर्शकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहाँ लेजर लाइट एवं ऑडियो के माध्यम से रामायण का सजीव और संक्षिप्त चित्रण प्रस्तुत किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए एक अद्भुत अनुभव होगा। इसके अतिरिक्त, भक्तिमय संगीत संध्या और शानदार आतिशबाजी के साथ पूरे वातावरण को राममय किया जाएगा।

महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में पी जी कॉलेज मैदान में 60 फीट के मेघनाद व कुंभकर्ण तथा 80 फीट के विशालकाय रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन को लेकर नगरवासियों में भारी उत्साह है।

उक्ताशय की जानकारी प्रचार-प्रसार प्रमुख व मीडिया प्रभारी पीयूष कुमार त्रिपाठी ने दी।


अन्य पोस्ट