सरगुजा

महामाया मंदिर में टीएस सिंहदेव ने की संधि पूजा, दो घंटे बंद रहे दर्शन
19-Oct-2026 9:17 PM
महामाया मंदिर में टीएस सिंहदेव ने की संधि पूजा, दो घंटे बंद रहे दर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को सरगुजा के शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मां महामाया मंदिर में परंपरा के अनुसार सरगुजा राजपरिवार के मुखिया टीएस सिंहदेव ने अष्टमी-नवमी की संधि पूजा की। पूजा के दौरान करीब दो घंटे तक मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रही। अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंदिर के पट फिर से खोल दिए गए।

टीएस सिंहदेव सुबह करीब नौ बजे संधि पूजा के लिए महामाया मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां महामाया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कूष्मांड की बलि दी। मुख्य पुजारी ने पूजा संपन्न कराई। संधि पूजा में राजपरिवार के सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित राजपरिवार से जुड़े अन्य लोग भी शामिल हुए। मां महामाया सरगुजा राजपरिवार की कुलदेवी हैं।

महामाया मंदिर में पूजा के बाद सिंहदेव समलाया मंदिर पहुंचे और वहां भी विधिवत पूजन किया। मान्यता के अनुसार मां महामाया के दर्शन के बाद मां समलाया की पूजा के बिना पूजन अधूरा माना जाता है।

नवमी पर मां महामाया मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। दिनभर भक्त दर्शन के लिए पहुंचते रहे। शहर के मां दुर्गा मंदिर गांधी चौक, संत हरकेवल दास मंदिर, वनदेवी सांडबार और काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भी संधि पूजा की गई। दुर्गा पंडालों में भी अनुष्ठान और कन्या भोज का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोजन कराकर उनसे आशीर्वाद लिया।

पंडितों के अनुसार अष्टमी की उदित तिथि सोमवार को होने के कारण संधि पूजा का मुहूर्त सुबह करीब दस बजे था। मंदिरों और दुर्गा पंडालों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिए पुलिस टीमें तैनात की गई थीं। व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ मार्गों पर यातायात भी डायवर्ट किया गया।


अन्य पोस्ट