सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 18 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर रविवार को अंबिकापुर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर में भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही माता के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। जय माता दी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां महामाया के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मां महामाया मंदिर में इस वर्ष करीब पांच हजार तेल और घी के ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। इन ज्योति कलशों में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश-विदेश में बसे भक्तों की मनोकामनाएं भी जुड़ी हुई हैं। दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां के चरणों में शीश नवाया। नवरात्रि के आठवें दिन विशेष दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे।
भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर सरगुजा पुलिस के जवान तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने कतारों को व्यवस्थित रखने और आवागमन सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।
महामाया मंदिर के अलावा नगर के वनेश्वरी देवी मंदिर, दुर्गा मंदिर, काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में माता की पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर घरों में भी लोगों ने महाअष्टमी की पूजा की। परिवारों ने श्रद्धा के साथ देवी आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
महाअष्टमी के साथ ही पूरे शहर में नवरात्रि का उल्लास और भक्तिमय वातावरण छाया रहा। मंदिरों में गूंजते भजन और माता के जयकारे लोगों को भक्ति में सराबोर करते रहे।