सरगुजा
सांसद चिंतामणि महाराज हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 अक्टूबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी के सातवें दिन सांसद चिंतामणि महाराज शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा की आराधना के साथ सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि ‘पुत्र कुपुत्र हो सकता है, लेकिन माता कुमाता नहीं हो सकती।’ उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन श्रेष्ठ और अनमोल है। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि इस जीवन का सदुपयोग किस प्रकार किया जाए। जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करना और ऐसी संस्थाओं से जुडक़र अपने व्यक्तित्व को श्रेष्ठ बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में श्री साईं बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था नशामुक्ति सहित विभिन्न सामाजिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से नि:स्वार्थ भाव से समाज सेवा कर रही है। उन्होंने समाज में इन विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, डाइट कॉलेज के प्राचार्य केसी गुप्ता ने भी उपस्थित लोगों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में रंजना श्रीवास्तव और गीता गुप्ता भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान खुशी दुबे और ट्विंकल ने काली-शंकर नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, आण्वी ने देवी स्वरूप में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा भी कराई गई।
चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंच रहे हैं। आध्यात्मिक वातावरण, सजीव देवी स्वरूपों और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के कारण यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।