सरगुजा

विजयादशमी महोत्सव में लोक नृत्य स्पर्धा: रामदल भकुरा और मनियारो सुगा अव्वल
17-Oct-2026 9:18 PM
विजयादशमी महोत्सव में लोक नृत्य स्पर्धा: रामदल भकुरा और मनियारो सुगा अव्वल

 पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने लोक कलाकारों का बढ़ाया उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,17 अक्टूबर। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को कलाकेंद्र मैदान में संभाग स्तरीय करमा, शैला एवं सुगा लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 25 लोक नृत्य दलों ने पारंपरिक वेशभूषा और वाद्ययंत्रों के साथ आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के करमा एवं शैला वर्ग में रामदल भकुरा ने 200 में से 185 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। महादेव शैला ग्रुप नर्मदापारा 181 अंकों के साथ दूसरे और आदिवासी करमा दल पिपरखार 178 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, सुगा नृत्य वर्ग में मनियारो सुगा ने 159 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। पार्वती सुगा कंठी 154 अंकों के साथ दूसरे और विश्वास सुगा नर्मदापुर 140 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। निर्णायक मंडल में रितुदास, बुद्धश्याम, रंजीत सारथी और विनय अम्बष्ठ शामिल रहे।

लोक कलाएं हमारी माटी की पहचान - सिंहदेव

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि करमा, शैला और सुगा जैसे पारंपरिक नृत्य केवल मनोरंजन के साधन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और प्रकृति के प्रति प्रेम के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोडऩे और लोक परंपराओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कलाकारों के उत्साह और अनुशासन की सराहना की।

सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोडऩा है। नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा ने किया तथा आभार प्रदर्शन राहुल त्रिपाठी ने किया।


अन्य पोस्ट