सरगुजा
सामाजिक कार्यकर्ता ने कलेक्टर से की नवीन भवन निर्माण की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 अक्टूबर। सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करमहा के शासकीय प्राथमिक शाला नरकट में करीब 29 वर्ष बीत जाने के बाद भी पक्के स्कूल भवन का निर्माण नहीं हो सका है। वर्तमान में इस विद्यालय का संचालन घास-फूस और बांस से बनी झोपड़ी में किया जा रहा है। इससे यहां अध्ययनरत करीब 17 विद्यार्थियों को मौसम के अनुसार कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय की बदहाल स्थिति को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने कलेक्टर अंबिकापुर को आवेदन सौंपकर स्कूल के लिए नवीन पक्के भवन के निर्माण की मांग की है। उन्होंने आवेदन में बताया कि यह विद्यालय क्षेत्र के ग्रामीण परिवारों, विशेषकर माझी-मझवार समाज सहित अन्य समुदायों के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके बावजूद लंबे समय से विद्यालय को सुरक्षित और सुविधायुक्त भवन नहीं मिल सका है।