सरगुजा
अंबिकापुर, 17 अक्टूबर। महान पाश्र्व गायक किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर सुर-संगीत संघ अंबिकापुर की ओर से स्थानीय कलाकेंद्र मैदान में ‘गाता रहे मेरा दिल, द लीजेंड किशोर दा स्वरांजलि’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय कलाकारों ने किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चली इस संगीतमय महफिल में श्रोता गीतों का आनंद लेते रहे।
कार्यक्रम में महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि शहर में ऐसे सांस्कृतिक आयोजन होते रहने चाहिए, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले। नए कलाकारों को मंच प्रदान करना संस्था की सराहनीय पहल है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति राजेंद्र लागपाले ने युवा कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए संगीत के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए निरंतर मेहनत करने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने भी आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में अतिथि कलाकार गोपाल पांडेय, चंद्र प्रताप सिंह, स्वप्निल जायसवाल और मलय भट्टाचार्य सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। वहीं, विमल मंदिलवार, उन्मेष मिश्रा, राधेश्याम मानिकपुरी, सुप्रिया सिन्हा, रेखा देवांगन सहित अनेक नवोदित कलाकारों ने अपनी गायकी से समां बांधा।
इस अवसर पर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संघ के जिलाध्यक्ष संतोष दास सरल ने किया तथा आभार सचिव राधेश्याम मानिकपुरी ने व्यक्त किया।