सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 17 अक्टूबर। सरगुजा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु ऑनलाइन कोचिंग की शुरुआत की गई है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला खनिज संस्थान न्यास एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के 35 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में नीट एवं जेईई लाइव ऑनलाइन कोचिंग का शुभारंभ किया गया।
शुभारंभ कार्यक्रम शनिवार को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इस पहल से विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में सांसद चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज और राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 एवं 2027-28 के दौरान कक्षा 11वीं के विज्ञान संकाय के लगभग 2,120 विद्यार्थियों को दो वर्षों तक लाइव ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी, जिससे गणित एवं जीव विज्ञान के छात्र जेईई और नीट की तैयारी कर सकेंगे। प्रत्येक तीन माह में एक फीडबैक सत्र आयोजित किया जाएगा। इस परियोजना का क्रियान्वयन ‘फिजिक्स वाला लिमिटेड’ एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अंतर्गत निम्नलिखित व्यवस्थाएं की गई हैं- सभी 35 विद्यालयों में लाइव टू-वे इंटरैक्टिव कक्षाएं (हिंदी एवं अंग्रेजी मिश्रित माध्यम)।
रिकॉर्डेड लेक्चर, मोबाइल ऐप, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, क्लास नोट्स, मुद्रित अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक, ऑनलाइन मॉक टेस्ट और ऑल-इंडिया टेस्ट सीरीज। विद्यार्थियों की प्रगति के आकलन के लिए एआई आधारित लर्निंग एनालिटिक्स, प्रदर्शन ट्रैकिंग और अभिभावक रिपोर्टिंग डैशबोर्ड। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम के लिए 75 इंच के 4 के इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, कंप्यूटर सिस्टम, वायरलेस माइक्रोफोन, एचडी वेब कैमरा, स्पीकर सिस्टम और न्यूनतम तीन घंटे का पावर बैकअप।
पशु सखियों को प्रमाण-पत्र वितरण
इस कार्यक्रम के दौरान ए-हेल्प योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित 166 पशु सखियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। ये पशु सखियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय कर पशुधन टीकाकरण, कृमिनाशक दवा वितरण और पशु बीमा जैसे कार्यों में सहयोग करेंगी। यह प्रशिक्षण आरसेटी, कृषि विज्ञान केंद्र और पशु चिकित्सा विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।