सरगुजा
महिला अफसर पर जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 अक्टूबर। सरगुजा में विद्युत विभाग की एक महिला अधिकारी पर मकान बेचने का झांसा देकर ठेकेदार से 16 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। ठेकेदार का कहना है कि रकम लेने के बाद अधिकारी मकान की रजिस्ट्री के लिए टालमटोल करती रही। बाद में उसे पता चला कि मकान किसी दूसरे व्यक्ति को बेचा जा चुका है और उसकी रजिस्ट्री भी हो गई है। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। वह वर्तमान में रायपुर में कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ हैं।
पुलिस के मुताबिक, अंबिकापुर निवासी ठेकेदार प्रीतम गोयल वर्ष 2024 में विद्युत विभाग में ठेकेदारी का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका परिचय दरिमा में सहायक अभियंता के पद पर पदस्थ रूपजिंदर कौर भल्ला से हुआ। आरोप है कि अधिकारी ने अपनी आवश्यकता बताते हुए उनसे 15 लाख रुपये मांगे। बाद में उन्होंने दर्रीपारा स्थित अपना मकान दिखाया और उसे बेचने की बात कही।
शिकायत के अनुसार, मकान बेचने की बात तय होने पर रूपजिंदर कौर भल्ला ने ठेकेदार से 16 लाख रुपये लिए और मकान की रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया। रकम देने के कुछ समय बाद अधिकारी का पदोन्नति पर रायपुर स्थानांतरण हो गया। वह वहां कार्यपालन अभियंता के पद पर पदस्थ हो गईं।
इसके बाद प्रीतम गोयल ने मकान की रजिस्ट्री कराने के लिए कई बार संपर्क किया। उन्होंने फोन पर बात करने के साथ रायपुर जाकर भी अधिकारी से आग्रह किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ठेकेदार के मुताबिक, हर बार रजिस्ट्री की बात टाल दी जाती थी।
जब ठेकेदार को कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो उन्होंने अंबिकापुर के गांधीनगर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया। वहां उन्हें जानकारी मिली कि जिस मकान को बेचने का भरोसा दिया गया था, उसे रूपजिंदर कौर भल्ला पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुकी हैं और उसकी रजिस्ट्री भी करा दी गई है। इसके बाद ठेकेदार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रूपजिंदर कौर भल्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और रकम के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।