सरगुजा
नेता प्रतिपक्ष ने 48 घंटे में स्ट्रीट लाइट चालू करने और त्योहार से पहले सडक़ों की मरम्मत की मांग की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अक्टूबर। शहर में बदहाल सडक़ों, सफाई व्यवस्था में अव्यवस्था, धूल से बढ़ते प्रदूषण और बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। इस दौरान त्योहारों के सीजन में निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले तीन से चार माह से वेतन नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।
कांग्रेस पार्षद दल ने कहा कि शहर की मुख्य सडक़ों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों की स्थिति भी खराब है। बरसात के दौरान सडक़ों के गड्ढे भरने के लिए डाला गया मलबा अब धूल का कारण बन रहा है। धूल उडऩे और स्ट्रीट लाइट बंद रहने से नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि धूल के कारण एलर्जी और फेफड़ों से संबंधित समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है।
उन्होंने नगर निगम की पिछले डेढ़ वर्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन अव्यवस्थाओं का असर आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है।
48 घंटे में स्ट्रीट लाइट चालू करने की मांग
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान शहरवासी खराब सडक़ों, गंदगी, बंद स्ट्रीट लाइट और सडक़ों पर पड़े मलबे से उड़ती धूल से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित है। ऐसे में धार्मिक स्थलों और दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास तत्काल सफाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने किसी संभावित आपराधिक घटना या दुर्घटना की आशंका को देखते हुए शहर की बंद स्ट्रीट लाइट को 48 घंटे के भीतर चालू करने की मांग की। साथ ही जिन सडक़ों के डामरीकरण की स्वीकृति मिल चुकी है, उनका काम दशहरा से पहले पूरा कराने की बात कही। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर अंबेडकर चौक से दरिमा मोड़ तक नियमित पानी का छिडक़ाव कराने की मांग भी रखी, ताकि धूल से होने वाली परेशानी कम हो सके।
कांग्रेस पार्षद दल ने निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले तीन से चार माह से वेतन नहीं मिलने पर भी चिंता जताई।
शाफी अहमद ने त्योहारों के मद्देनजर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कर्मचारियों का बकाया वेतन तत्काल जारी करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस पार्षद पापिन्दर सिंह, कलीम अंसारी, बल्केश्वर तिर्की, मोहम्मद बाबर, शुभम जायसवाल और राजेश पैकरा सहित कांग्रेस नेता राजेंद्र बहादुर सिंह, संजय सिंह, दिलीप धर और मोहम्मद आरिफ मौजूद रहे।