सरगुजा

विजयादशमी महोत्सव में महिला मानस प्रतियोगिता, प्रज्ञा मानस मंडली प्रथम
14-Oct-2026 8:58 PM
विजयादशमी महोत्सव में महिला मानस प्रतियोगिता, प्रज्ञा मानस मंडली प्रथम

अंबिकापुर, 14 अक्टूबर। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव-2026 के तहत मंगलवार को कलाकेंद्र मैदान में संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन महिला मानस मंडलियों ने रामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों का सुमधुर गायन कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। प्रतियोगिता में आंजोरपुर की प्रज्ञा मानस मंडली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बतरा की मां शारदा मानस मंडली दूसरे और रामानुजनगर की कौशलेन्द्र मानस मंडली तीसरे स्थान पर रही।

 आयोजन के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय पंडित रविशंकर त्रिपाठी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके प्रयासों से रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता को संभाग स्तरीय पहचान मिली है।

प्रतियोगिता में महिला मानस मंडलियों ने ढोलक, मंजीरे और हारमोनियम की संगत पर रामचरितमानस की चौपाइयों एवं दोहों का भावपूर्ण गायन प्रस्तुत किया। शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त निर्णायक पूर्णिमा पटेल एवं दिनेश कुमार मिश्र के मूल्यांकन के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर ने 100 में से 79 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। मां शारदा मानस मंडली बतरा 76 अंकों के साथ दूसरे और कौशलेन्द्र मानस मंडली रामानुजनगर 75 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में मां संतोषी दुर्गा मानस मंडली पिपरा, ज्योति मानस मंडली खरवत, मां शारदा मानस मंडली उदयपुर, मां कामेश्वरी मानस मंडली गिरजाही और शिव मानस मंडली लटमा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं की सराहना बटोरी।

कार्यक्रम में नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण उपस्थित रहे। सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी, नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, अनिल सिंह (मेजर), भारत सिंह सिसोदिया, महासचिव मधुसूदन शुक्ला, ललन प्रताप सिंह, आलोक दुबे, दीपक सोनी, राजेश कश्यप, पीयूष कुमार त्रिपाठी, श्याम कश्यप, दुर्गेश गुप्ता, राजकुमार बंसल, आकाश गुप्ता, प्रयागराज साहू, राहुल त्रिपाठी, नीलू कश्यप सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बड़ी संख्या में महिलाएं, श्रद्धालु एवं रामभक्त भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंच संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा एवं वीर सोनी ने संयुक्त रूप से किया।

विजयादशमी महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को सुबह 10 बजे से कलाकेंद्र मैदान में संभाग स्तरीय पुरुष मानस मंडलियों की प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही बच्चों के लिए राम रूप सज्जा प्रतियोगिता भी होगी। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।

कार्यक्रम की जानकारी सरगुजा सेवा समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने दी।


अन्य पोस्ट