सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 अक्टूबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय अंबिकापुर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर चैतन्य देवियों की झांकी के तृतीय दिवस का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह, आयुक्त विनय अग्रवाल, अंजनी कुमार दुबे, शशिकांत जायसवाल सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि दिव्य गुणों को जीवन में धारण करने से व्यक्ति सम्मान का पात्र बनता है। वहीं सभापति हरमिंदर सिंह ने झांकी में देवियों के सजीव चित्रण की सराहना करते हुए इसे अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव बताया। इस अवसर पर रेखा बहन के गीत तथा आण्वी एवं ग्रुप की सुंदर नृत्य प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। झांकी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ ले रहे हैं। सभी अतिथियों ने नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।