सरगुजा

नशे में वाहन चलाते 3 चालकों पर 44 हजार जुर्माना
13-Oct-2026 10:22 PM
नशे में वाहन चलाते 3 चालकों पर 44 हजार जुर्माना

बतौली, 13 अक्टूबर। सरगुजा जिले की बतौली पुलिस ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाते हुए पकड़े गए तीन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। न्यायालय ने तीनों चालकों पर कुल 44 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान पहले मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 ईए 2128 के चालक लल्लू गिरी बरगीडीह, थाना लुंड्रा को रोककर जांच की गई। जांच में उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।

दूसरे मामले में पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिल चला रहे निशांत कुजूर सुवारपारा, थाना बतौली को पकड़ा। जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। वहीं, तीसरे मामले में इसी तरह की मोटरसाइकिल चला रहे राकेश तिर्की सुवारपारा, थाना बतौली को पकड़ा गया। चिकित्सकीय परीक्षण में उसके भी शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने दोनों चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185, 182(ए)(4) और 192(1)(ए) के तहत प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने दोनों चालकों पर 17-17 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस तरह तीनों मामलों में कुल 44 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

बतौली पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में अवैध रूप से बदलाव नहीं करने की अपील की है।

 पुलिस ने स्पष्ट किया कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर और बतौली पुलिस टीम ने की।


अन्य पोस्ट