सरगुजा

जीजा की हत्या, आरोपी बंदी
13-Oct-2026 10:20 PM
 जीजा की हत्या, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 13 अक्टूबर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोयदा खुटनपारा में पारिवारिक विवाद के चलते साले ने अपने ही जीजा की टांगी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दोंदूराम की पत्नी दूरपति बाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 अक्टूबर की रात करीब 9.40 बजे उनके पति सडक़ किनारे मृत अवस्था में मिले, जिनके सिर से खून बह रहा था। सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेही घुरसाय से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक द्वारा शराब पीकर आए दिन किए जाने वाले विवाद और पुरानी रंजिश से परेशान होकर उसने टांगी से हमला किया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। लखनपुर पुलिस ने 13 अक्टूबर को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा तथा आरोपी घुरसाय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।


अन्य पोस्ट