सरगुजा
आध्यात्मिक ज्ञान से विकारों का नाश कर जीवन को बनाएं स्वर्ग समान - विद्या दीदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 अक्टूबर। नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, अंबिकापुर में चैतन्य देवियों की झांकी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने देवी स्वरूप के गुणों को जीवन में आत्मसात करने, आध्यात्मिक ज्ञान अपनाने और समाज में शांति एवं सकारात्मकता का वातावरण बनाने का संदेश दिया। चैतन्य देवियों की झांकी 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6.30 बजे से रात 10 बजे तक शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुली रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लों उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि अनुविभागीय अधिकारी पुलिस राकेश बघेल तथा उपनिरीक्षक अभय तिवारी सहित वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता, समाजसेवी अजय तिवारी, मंगल पाण्डेय, अमृत लाल प्रधान, समाजसेविका शिल्पा पाण्डेय, हिना खान, संतोष कुमार विश्वकर्मा, निशा बहन एवं ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका विद्या दीदी की उपस्थिति में झांकी का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर विद्या दीदी ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान मनुष्य के भीतर छिपे आसुरी संस्कारों एवं विकारों को समाप्त करने का मार्ग दिखाता है। देवी स्वरूप के दिव्य गुणों को अपने जीवन में धारण कर परिवार को सुख, शांति और प्रेम से परिपूर्ण बनाया जा सकता है। अपने अवगुणों को त्यागकर श्रेष्ठ संस्कार अपनाने से जीवन स्वर्ग समान बन सकता है।
मुख्य अतिथि अमोलक सिंह ढिल्लों ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था स्थानीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन लोगों को आत्मचिंतन करने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
समाजसेविका शिल्पा पाण्डेय ने चैतन्य देवियों की झांकी को शांति एवं सकारात्मकता का अनुभव कराने वाला आयोजन बताया। वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता ने देवी स्वरूप के गुणों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। वहीं, समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने कहा कि अध्यात्म से जुडक़र ही व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव है। इसके लिए अपने अवगुणों का त्याग कर श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान रेखा बहन, अजय तिवारी एवं उनके समूह ने देवी भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
20 अक्टूबर तक कर सकेंगे दर्शन
ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में सजाई गई चैतन्य देवियों की झांकी 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6.30 बजे से रात 10 बजे तक शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुली रहेगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से झांकी के दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।