सरगुजा

सनातन संस्कृति और संस्कारों के पालन से मजबूत रहता है मन- अमोलक सिंह ढिल्लों
12-Oct-2026 9:09 PM
सनातन संस्कृति और संस्कारों के पालन से मजबूत रहता है मन- अमोलक सिंह ढिल्लों

स्कूल-कॉलेज में शिल्पा पाण्डेय ने चलाया ‘जीवन अनमोल है’ अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,12 अक्टूबर। जीवन अनमोल है अभियान के तहत समाजसेविका एवं अधिवक्ता शिल्पा पाण्डेय ने सेंट जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल, हिंदी मीडियम स्कूल एवं सेंट जेवियर बीएड कॉलेज में तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में लगभग 1500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को मानसिक मजबूती, सकारात्मक सोच, अनुशासन और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याओं और विचारों को खुलकर साझा किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लों ने कहा कि जो बच्चे अपने परिवार के संस्कारों, सनातन संस्कृति की विरासत और सामाजिक मर्यादाओं का पालन करते हैं, उनका मन मजबूत बनता है। संस्कार और सकारात्मक जीवन मूल्य बच्चों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ब्रह्माकुमारी संस्थान की संचालिका बीके विद्या दीदी ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में उत्साह, सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया।

स्वस्थ शरीर के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी

मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की काउंसलर अंजुला मिश्रा ने विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर का मानसिक स्वास्थ्य से गहरा संबंध है। इसलिए बच्चों को अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचा जा सके।

मेडिकल कॉलेज के मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पैकरा ने विद्यार्थियों को बिना किसी अनावश्यक दबाव के जीवन जीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोई भी परेशानी जीवन से बड़ी नहीं होती।

 प्रत्येक परिस्थिति में जीवन की रक्षा सर्वोपरि है। विद्यार्थियों को अपनी मानसिक स्थिति के प्रति सजग रहना चाहिए और परेशानी होने पर किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बात करने में संकोच नहीं करना चाहिए।

कम अंक आपकी प्रतिभा का पैमाना नहीं - शिल्पा पाण्डेय

‘जीवन अनमोल है’ अभियान की संयोजक शिल्पा पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मानसिक और शारीरिक स्थिति का आकलन करते रहना चाहिए। हम कैसा महसूस कर रहे हैं, इसे हमसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। उन्होंने कहा कि परीक्षा में कम या ज्यादा अंक विद्यार्थी की मेहनत का आकलन हो सकते हैं, लेकिन वे उसकी पूरी प्रतिभा, संस्कार, संवेदनशीलता, रचनात्मकता और इंसानियत का प्रमाण नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि हर बच्चा अपनी अलग विशेषता और प्रतिभा लेकर आता है। किसी की गणित अच्छी होती है, तो किसी की भाषा पर पकड़ मजबूत होती है। कोई खेल, कला, संगीत, विज्ञान या दूसरों की मदद करने में बेहतर होता है। ऐसे में कम अंक आने पर निराश होने के बजाय अपनी गलतियों को समझकर तैयारी में सुधार करना चाहिए और दोबारा प्रयास करना चाहिए। कम अंक असफल जीवन का प्रमाण नहीं, बल्कि अपनी रणनीति सुधारने का अवसर हैं।

मोबाइल के सदुपयोग और अनुशासन पर दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान सेंट जेवियर इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्राचार्य माइकल तिर्की ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने ‘जीवन अनमोल है’ जैसे संवेदनशील अभियान के संचालन के लिए विजन संस्था की सराहना की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विजन की स्वयंसेविका ऐश्वर्य सिद्धि ने मोबाइल के दुरुपयोग के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उसके सीमित और सार्थक उपयोग की अपील की। संगीता ने विद्यार्थियों को प्रतिदिन अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया, जबकि राजू यादव ने बड़ों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने और उनकी बातों को समझने का संदेश दिया। हर्षल यादव ने पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था एवं अनुशासन की जिम्मेदारी संभाली।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव से निपटने के उपाय बताना तथा उन्हें सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना रहा।


अन्य पोस्ट