सरगुजा

विजयादशमी महोत्सव में 13-14 अक्टूबर को मानस गायन, 16 को शैला-सुगा नृत्य स्पर्धा
12-Oct-2026 9:09 PM
विजयादशमी महोत्सव में 13-14 अक्टूबर को मानस गायन, 16 को शैला-सुगा नृत्य स्पर्धा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,12 अक्टूबर। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विजयादशमी महोत्सव 2026 के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 13 एवं 14 अक्टूबर को कलाकेंद्र मैदान के खुले मंच पर संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन एवं राम रूप सज्जा प्रतियोगिता होगी। वहीं, 16 अक्टूबर को पारंपरिक शैला एवं सुगा लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने संभागभर की मानस मंडलियों एवं लोक नृत्य दलों से प्रतियोगिताओं में शामिल होने की अपील की है।

पुरुष और महिला मानस मंडलियों की अलग-अलग प्रतियोगिता

रामचरितमानस गायन एवं राम रूप सज्जा प्रतियोगिता दोनों दिन सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इस वर्ष पुरुष मानस मंडलियों के साथ महिला मानस मंडलियों के लिए भी स्वतंत्र प्रतियोगिता रखी गई है। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडलियों को अलग-अलग प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता का मूल्यांकन मानस के जानकारों के निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा।

16 अक्टूबर को दिखेगी लोक संस्कृति की झलक

सरगुजा अंचल की पारंपरिक लोक संस्कृति एवं जनजातीय विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से 16 अक्टूबर को दोपहर एक बजे से संभाग स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी।

इसमें शैला (सैलानी) और सुगा नृत्य की अलग-अलग स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

 दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को पृथक-पृथक नकद पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

प्रतियोगियों का पंजीयन जारी

समिति के अनुसार, मानस मंडलियों एवं लोक नृत्य दलों का पंजीयन जारी है। इच्छुक प्रतिभागी महासचिव मधुसूदन शुक्ला (मो. 98261 19960), प्रयागराज साहू (मो. 99261 70775) एवं महेन्द्र अग्रवाल (मो. 98264 21201) से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं।

समिति ने संभागभर के रामभक्तों, मानस प्रेमियों, लोक संस्कृति के अनुरागियों एवं आम नागरिकों से कलाकेंद्र मैदान पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने और विजयादशमी महोत्सव के सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता निभाने की अपील की है। उक्त जानकारी सरगुजा सेवा समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने दी।


अन्य पोस्ट