सरगुजा
ग्रामीणों ने टीआई को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर,11 अक्टूबर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुटकी में वन भूमि पर कथित अवैध कब्जे और मतांतरण के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में ग्रामीणों ने लखनपुर निवासी मुस्लिम युवक और गांव की हिंदू महिला के खिलाफ उदयपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने दोनों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, मुस्लिम युवक पहले से शादीशुदा है और लखनपुर में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहता है। आरोप है कि उसने ग्राम मुटकी निवासी हिंदू महिला को अपने प्रभाव में लेकर उसका मतांतरण कराया और उसे दूसरी पत्नी के रूप में साथ रखने लगा। ग्रामीणों का दावा है कि इसके बाद दोनों ने ग्राम पंचायत की सुरक्षित वन भूमि पर कब्जा कर मकान का निर्माण शुरू कर दिया।
ग्रामसभा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक, ग्रामसभा में जमीन पर कब्जे और विवाह से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने की मांग की गई थी। आरोप है कि इस दौरान संबंधित पक्ष की ओर से आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखाए गए। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने, पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और जान से मारने की धमकियां दी गईं।
नशीले पदार्थों से जुड़े आरोप भी लगाए
ज्ञापन में ग्रामीणों ने उक्त हिंदू महिला के पूर्व में मानव तस्करी के एक मामले में जेल जाने का दावा भी किया है। इसके अलावा दोनों पर गांव के युवाओं को गांजे की लत लगाने और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को बढ़ावा देने के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।ग्रामवासियों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वन भूमि पर कथित अवैध कब्जे की पड़ताल करने तथा मतांतरण, धमकी और नशीले पदार्थों से जुड़े आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और संबंधित पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।