सरगुजा

दोपहिया चोरी, 2 आरोपी बंदी
11-Oct-2026 9:32 PM
दोपहिया चोरी, 2 आरोपी बंदी

एक लाख की दो मोटरसाइकिलें कीं बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 अक्टूबर। सरगुजा जिले की गांधीनगर पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रोहित सिंह निवासी कुंभीडांड, वाड्रफनगर, हाल मुकाम सिंह कॉलोनी, तुर्रापानी, अंबिकापुर ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता के नाम पर पंजीकृत स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 29 एजी 3079 का उपयोग करता था। 18 सितंबर 2026 की रात उसने मोटरसाइकिल को सिंह कॉलोनी स्थित परिसर में खड़ा किया था, जहां से अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुशील शांडिल्य  निवासी धंधापुर-रेवतपुर, थाना राजपुर, हाल मुकाम नमनाकला, पुरानी पानी टंकी के पास, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी अभिषेक सोनी निवासी सुभाषनगर, अंबिका विद्या निकेतन स्कूल के पास, अंबिकापुर के साथ मिलकर सिंह कॉलोनी से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद मोटरसाइकिल का पेट्रोल खत्म हो जाने के कारण उन्होंने उसे सुभाषनगर में छिपा दिया था और पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी। पूछताछ के दौरान सुशील ने सुभाषनगर में राधे निवास के पास से एक अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीडब्ल्यू 3084 चोरी कर छिपाकर रखने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने मामले में अभिषेक सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, सुशील शांडिल्य के विरुद्ध कोतवाली और गांधीनगर थानों में पूर्व से भी अपराध दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट