सरगुजा
लखनपुर,10 अक्टूबर। लखनपुर पुलिस ने बाइक से गांजा तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 880 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 68 हजार 160 रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गोरता-गणेशपुर मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से बैग लेकर घूम रहा है।
सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी संपत पोटाई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
इस दौरान 7 और 8 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे गोरता-गणेशपुर मार्ग के बीच मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीजेड 7547 पर सवार एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक के पास मौजूद काले रंग के बैग की तलाशी ली। बैग में छह पैकेटों में रखा कुल 5 किलो 880 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मितेश राजवाड़े ग्राम गोरता, थाना लखनपुर के रूप में की है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।