सरगुजा
कृत्रिम बुद्धिमत्ता और कौशल आधारित शिक्षा पर दिया जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 अक्टूबर। विद्यार्थियों और युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आईसेक्ट समूह की कौशल विकास यात्रा-2026 अंबिकापुर पहुंची। इस दौरान मंजूषा एकेडमी में विद्यार्थी संवाद एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा, रोजगार के बदलते अवसरों, करियर निर्माण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते महत्व की जानकारी दी गई।
‘समर्थ भारत-सक्षम भारत’ थीम पर आधारित यह यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक संचालित की जा रही है। इसके तहत देश के 20 राज्यों और 300 जिलों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों को कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है।
आईसेक्ट के प्रवक्ता विकास रवि ने कहा कि कौशल विकास यात्रा का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकों और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोडऩा है। बदलते समय में विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल हासिल करना भी जरूरी है। इससे वे अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर का चयन कर सकते हैं।
मंजूषा एकेडमी के संचालक राहुल जैन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूकता विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक होगी।
विद्यार्थियों को दिया करियर मार्गदर्शन
कार्यक्रम में चंद्रशेखर गुप्ता एवं राजू विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, कौशल आधारित पाठ्यक्रमों और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा रुचि और योग्यता के अनुसार पाठ्यक्रमों के चयन पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर संबंधित कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग और भविष्य के अवसरों पर चर्चा
कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता साक्षरता अभियान के तहत एआई की बुनियादी समझ, शिक्षा एवं दैनिक जीवन में इसके उपयोग तथा सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल की जानकारी दी गई। साथ ही, एआई से जुड़े नए करियर विकल्पों, उभरते रोजगार क्षेत्रों और आवश्यक तकनीकी कौशल के बारे में बताया गया।
विद्यार्थियों को आईसेक्ट समूह की विभिन्न कौशल विकास पहलों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। इनमें एनीमेशन एवं दृश्य-श्रव्य सामग्री निर्माण, शिक्षक एवं प्रशिक्षक प्रशिक्षण, टैली, फैशन और आंतरिक सज्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों के पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा ऑनलाइन, मिश्रित शिक्षण और परिसर आधारित डिग्री कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम का संचालन जूही साहू ने किया। आयोजन को सफल बनाने में धर्मेंद्र पटेल, योगेश त्रिपाठी, दीपक दास, पलक गुप्ता और अलका ने सहयोग दिया। कौशल विकास यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसरों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।