सरगुजा

करमा महोत्सव, 23 दलों ने दी प्रस्तुति
09-Oct-2026 8:30 PM
करमा महोत्सव, 23 दलों ने दी प्रस्तुति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर,9 अक्टूबर। ग्राम पंचायत साल्ही में 7 अक्टूबर 2026 को पारंपरिक करमा महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।आयोजन में क्षेत्र के 23 करमा दलों ने भाग लिया। आयोजन समिति की ओर से सभी करमा दलों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

करमा महोत्सव का उद्देश्य पारंपरिक लोकसंस्कृति और रीति-रिवाजों को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडऩा रहा। आयोजन के दौरान ग्रामीणों, कलाकारों, युवाओं और आयोजन समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। महोत्सव ने आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रैमुनिया करियाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में नवल सिंह वरकड़े और अमरेश प्रसाद मरकाम उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रवण सिंह वरकड़े, ग्राम पंचायत साल्ही की सरपंच कलेश्वरी कोर्राम, उपसरपंच मुंशी प्रसाद पोर्ते, पंचायत सचिव छत्रपाल सिंह टेकाम, देवप्रसाद पोर्ते, पूर्व जनपद सदस्य बालसाय कोर्राम सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

इसके अलावा परसा की सरपंच तुलसी मनोहर उईके, बासेन की सरपंच रामेश्वरी पोर्ते, मुडग़ांव की सरपंच अमृता कोर्राम, पंडरीडांड की सरपंच वेमा पैकरा, जनार्दनपुर के सरपंच विजय कुमार पोर्ते तथा तारा के सरपंच प्रतिनिधि चंद्रभान आयम सहित आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

23 करमा दलों को किया गया प्रोत्साहित

महोत्सव में 23 करमा दलों ने अपनी भागीदारी निभाई। आयोजन समिति ने सभी दलों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में लोककला और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीण संस्कृति की जीवंतता दिखाई दी। ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

विजय कोर्राम ने किया मंच संचालन

पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन विजय कोर्राम ने किया। उन्होंने व्यवस्थित और प्रभावशाली अंदाज में कार्यक्रम का संचालन करते हुए आयोजन को सुचारू रूप से आगे बढ़ाया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ग्रामवासियों, कलाकारों, युवाओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही, मंच संचालन के दौरान अनजाने में किसी की भावना या सम्मान को ठेस पहुंचने की स्थिति में क्षमा भी मांगी।

आयोजन समिति ने जताया आभार

करमा महोत्सव के आयोजन में ग्रामवासियों के सहयोग, श्रमदान और आर्थिक योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि करमा संस्कृति समाज की पहचान है और इसे संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आयोजन समिति में अध्यक्ष आनंद राम कुसरो, उपाध्यक्ष सुखसाय श्याम, कोषाध्यक्ष जयलाल सिंह उईके और सहकोषाध्यक्ष रामलाल करियाम शामिल रहे।

समिति ने विश्वास जताया कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और पारंपरिक रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे। अंत में आयोजन समिति और मंच संचालक विजय कोर्राम ने सभी सहयोगियों के प्रति पुन: आभार व्यक्त करते हुए सेवा जोहार कहा।


अन्य पोस्ट