सरगुजा
अंबिकापुर,8 अक्टूबर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं सांसद चिंतामणि महाराज ने गुरुवार को अंबिकापुर के घाघरी रोड के पास निर्माणाधीन सडक़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सडक़ निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली और मौके पर निर्माण कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सडक़ निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यह सडक़ आवासीय विद्यालय तक पहुंच मार्ग के रूप में महत्वपूर्ण है। सडक़ निर्माण पूर्ण होने के बाद विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के साथ-साथ क्षेत्र के आम नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।निरीक्षण के दौरान सडक़ निर्माण से पहले नाली निर्माण नहीं किए जाने की बात सामने आई। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं सांसद चिंतामणि महाराज ने संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।