सरगुजा

रहीम के दोहों में जीवन की गहरी सीख और अपनापन -डॉ. दीपक सिंह
08-Oct-2026 8:08 PM
रहीम के दोहों में जीवन की गहरी सीख और अपनापन  -डॉ. दीपक सिंह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,8 अक्टूबर। सरगुजा हिंदी साहित्य परिषद के तत्वावधान में स्थानीय भारतेन्दु भवन में कवि रहीम की साहित्यिक विरासत पर केंद्रित कार्यक्रम ‘रहिमन धागा प्रेम काज्’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों ने रहीम के कृतित्व, उनके दोहों में निहित जीवन-दर्शन तथा विभिन्न छंदों में रची गई उनकी रचनाओं पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान रहीम की रचनाओं का सस्वर पाठ भी किया गया।

कार्यक्रम में हिंदी के विद्वान युवा साहित्यकार डॉ. दीपक सिंह ने कहा कि रहीम भारतीय संस्कृति के कल्पवृक्ष पर मधुर वाणी बिखेरने वाले कोयल के समान हैं। रहीम जैसे कवियों और कलाकारों के योगदान से भारतीय संस्कृति की परंपरा समृद्ध, विविधतापूर्ण और जीवंत बनी है। इस परंपरा को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

वरिष्ठ साहित्यकार प्रभुनारायण वर्मा ने रहीम के दोहों पर विचार रखते हुए कहा कि उनके दोहों में अद्भुत मिठास और अपनापन दिखाई देता है। रहीम सामान्य वस्तुओं, पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और रोजमर्रा की घटनाओं से भी नीति और जीवन की गहरी सीख निकाल लेते थे। साथ ही रामायण, महाभारत और पौराणिक प्रसंगों को सामान्य जीवन से जोडऩे की उनकी शैली अत्यंत प्रभावशाली थी।

कवि एवं कथाकार रमेश द्विवेदी ने रहीम की अन्य रचनाओं पर शोधपूर्ण वक्तव्य दिया। उन्होंने सोरठा, बरवै, घनाक्षरी, कवित्त, सवैया और पद आदि छंदों की विशेषताओं को उदाहरणों सहित रेखांकित किया।

अंजनि पाण्डेय और अंजनि कुमार मिश्रा ने रहीम की विभिन्न रचनाओं का सुमधुर एवं भावपूर्ण पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने रहीम के दोहों का यथास्थान प्रयोग करते हुए कार्यक्रम का संचालन किया।

कार्यक्रम के आयोजन में वेदप्रकाश अग्रवाल, द्वितेन्द्र मिश्रा, राजेश कुमार मिश्रा, महेश वर्मा और डॉ. मृदुला सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर हरिशंकर त्रिपाठी, बबनजी पाण्डेय, श्याम कश्यप बेचैन, डॉ. रिजवानुल्ला, निर्मल तिग्गा, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, त्रिभुवन सिंह, चंद्रशेखर तिवारी, विवेक दुबे, विनीत सेठी, वंदना दत्ता और डॉ. विश्वासी एक्का सहित बड़ी संख्या में साहित्य एवं संस्कृति प्रेमी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट