सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,3 अक्टूबर। लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने 2 अक्टूबर को भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर याद किया।
कांग्रेसियों ने कहा कि सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह को अन्याय के खिलाफ सबसे प्रभावशाली अस्त्र बनाने वाले महात्मा गांधी ने न केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया को मानवता, करुणा और शांति का मार्ग दिखाया। आज जब उनके विचारों और मूल्यों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हैं, तब बापू के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और न्याय के सिद्धांतों पर अडिग रहना ही उन्हें हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन भारत के लिए समर्पण की अद्भुत मिसाल है। भूमि सुधारों से लेकर हरित और दुग्ध क्रांति की नींव मजबूत करने तक, रेलवे में तीसरी श्रेणी समाप्त करने से लेकर बसों में महिलाओं के लिए सीटों की व्यवस्था तक और 1965 के युद्ध में देश को दृढ़ नेतृत्व देने तक, राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। गांधीवादी मूल्यों से परिपूर्ण उनका सरल जीवन हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंह देव, रमेश जयसवाल, सराफत अली, देवनारायण सिंह, मामू प्रसाद अग्रवाल, देवधारी पटेल, कृष्णा प्रसाद यादव, गणेश गुप्ता, जगरोपन यादव, मकसूद हुसैन, मोजिब खान, रामसुजान द्विवेदी, जसीमुद्दीन खान, इमरान हुसैन, हरेंद्र गुप्ता, अम्बिका यादव आदि उपस्थिति रही।