सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 अक्टूबर। शहर के संगम चौक पर परिजनों से बिछड़े दो मासूम बच्चों को कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचा दिया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और सरगुजा पुलिस के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को संगम चौक अंबिकापुर में दो बच्चे लावारिस हालत में घूमते हुए पाए गए। इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस टीम और आसपास के जिम्मेदार नागरिकों ने दोनों बच्चों को सुरक्षा के लिए थाना पहुंचाया। पुलिसकर्मियों ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत कर उनके घर और परिजनों के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया।
बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर उनके परिजनों की तलाश शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुछ ही घंटों में दोनों बच्चों के परिजनों का पता लगा लिया गया। परिजनों के थाना पहुंचने पर आवश्यक पहचान एवं प्रक्रिया के बाद दोनों बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में गुम एवं लावारिस बच्चों के मामलों में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया।