सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस एवं गांधी जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से राजीव भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। गौरतलब है कि 2 अक्टूबर 2026 को महात्मा गांधी की 157वीं और लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती मनाई गई।
राजीव भवन में आयोजित विचारगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में महात्मा गांधी ने अलग-अलग विचारधाराओं को एकजुट कर देश की आजादी के आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने लाल बहादुर शास्त्री के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद शास्त्री ने खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रयास किए। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश के माध्यम से देश के किसानों और जवानों के योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया, जबकि आभार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल ने व्यक्त किया। इस दौरान पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गांधी जयंती पर कांग्रेस सेवादल के नेतृत्व में राजीव भवन से गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक प्रभातफेरी निकाली गई। प्रतिमा स्थल पहुंचकर सेवादल कार्यकर्ताओं ने परिसर की सफाई की और इसके बाद गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
प्रभातफेरी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, सेवादल के संभागीय प्रभारी महासचिव विनीत विशाल जायसवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार, महिला जिलाध्यक्ष प्रीति सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।