सरगुजा
अंबिकापुर, 1 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर अंबिकापुर में धरना-प्रदर्शन किया। संघ के प्रांतीय महामंत्री आनंद सिंह यादव एवं सरगुजा संभागीय अध्यक्ष दिनेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट के समीप धरना दिया और रैली निकालकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर के माध्यम से ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपा।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हित में पूर्व में की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की मांग को लेकर कई बार शासन का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है। इसके बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष है। इसी के चलते आमसभा में लिए गए निर्णय के अनुसार धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की गई।
प्रमुख मांगों में केंद्र के समान 1 जनवरी 2026 से दो प्रतिशत महंगाई भत्ता लागू करने तथा एरियर्स की राशि सामान्य भविष्य निधि खाते में समायोजित करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के आदेश जारी करने और सेवानिवृत्ति पर अवकाश नकदीकरण की सीमा 240 से बढ़ाकर 300 दिन करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों का वेतनमान पुनरीक्षित करने, शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा लाभ देने, शिक्षक पात्रता परीक्षा के स्थान पर सीमित विभागीय परीक्षा का प्रावधान करने तथा अनुकंपा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने की मांग की गई।
संघ ने संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित करने, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक एवं सेक्टर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पदनाम बदलने, आईटीआई कर्मचारियों को समयमान एवं पदोन्नति का लाभ देने तथा छात्रावास अधीक्षकों को विभागीय परीक्षा के माध्यम से पदोन्नति का अवसर देने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संघों के पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें संजय यादव, मनीष दीपक साहू, अमृतांशु मिश्रा, पावन दुबे, हेमंत कुमार महंत, सुभाष शर्मा सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।