सरगुजा

सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर जमीन का रकबा बढ़ाया, पटवारी समेत 3 पर केस
01-Oct-2026 9:12 PM
सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर जमीन का रकबा बढ़ाया, पटवारी समेत 3 पर केस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 अक्टूबर। सरगुजा जिला के मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेण्ड्राकला में जमीन के रकबे में कथित हेराफेरी कर बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत और प्रशासनिक जांच में सरकारी भू-अभिलेखों में कूटरचना किए जाने की पुष्टि के बाद पुलिस ने जमीन मालिक सहित तत्कालीन पटवारी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार ब्रह्मरोड निवासी रमेश कुमार अग्रवाल ने मेण्ड्राकला स्थित खसरा नंबर 922 की जमीन का सौदा किया था। दस्तावेजों में जमीन का रकबा 0.753 हेक्टेयर दर्ज था। खरीदी की प्रक्रिया पूरी होने और नामांतरण के बाद जब जमीन का सीमांकन कराया गया तो मौके पर वास्तविक रकबा दस्तावेजों में दर्ज क्षेत्रफल से काफी कम पाया गया। शिकायतकर्ता ने इस मामले में करीब 20 लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने का आरोप लगाया है।

शिकायत के बाद कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2005 से 2007 के बीच पदस्थ तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी ने पाण्डु और बुढिय़ा के नाम दर्ज मूल रकबे 0.433 हेक्टेयर में कथित तौर पर काट-छांट और कूटरचना कर उसे 0.753 हेक्टेयर दर्शाया था। इसी संशोधित रकबे के आधार पर जमीन की बिक्री किए जाने की बात जांच में सामने आई।

प्रशासनिक जांच में सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर की पुष्टि होने के बाद मणिपुर थाना पुलिस ने पाण्डु पिता कल्याण दास, बुढिय़ा पिता कल्याण दास और तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 0171/2026 में धोखाधड़ी, कूटरचना, जाली दस्तावेज के इस्तेमाल और आपराधिक षड्यंत्र सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। प्रशासनिक जांच रिपोर्ट और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट