सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 सितंबर। शहर के नावापारा स्थित श्याम जी ज्वेलर्स में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोर ने धावा बोल दिया। छत के रास्ते दुकान तक पहुंचे आरोपी ने अंदरूनी दरवाजे का ताला तोड़ा और दुकान में रखे करीब 700 ग्राम चांदी के आभूषण सहित आर्टिफिशियल गहने लेकर फरार हो गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना पर गांधीनगर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में रात करीब दो बजे एक संदिग्ध भी नजर आया है।
जानकारी के अनुसार श्याम जी ज्वेलर्स की संचालिका निधि सोनी मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद छत स्थित कमरे में चली गई थीं। परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो गए। बुधवार सुबह नीचे पहुंचने पर गली की ओर दुकान में प्रवेश के लिए लगे दरवाजे का ताला टूटा मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी गांधीनगर पुलिस को दी गई।
दुकान संचालिका के मुताबिक छत पर निर्माण कार्य चल रहा है। आशंका है कि चोर इसी रास्ते से अंदर दाखिल हुआ और दरवाजे का ताला तोडक़र दुकान में पहुंच गया। संचालिका ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर दुकान बंद करने के बाद सोने और चांदी के अधिकांश जेवर वे अपने साथ ऊपर ले जाती हैं। मंगलवार रात भी कीमती जेवर ऊपर ले जाए गए थे, लेकिन शो-केस में चांदी के ब्रेसलेट सहित कुछ आभूषण रखे हुए थे। चोर इन्हीं के साथ आर्टिफिशियल सामान भी ले गया।
रात दो बजे कैमरे में दिखा संदिग्ध
दुकान के भीतर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण पुलिस ने आसपास के प्रतिष्ठानों और लाइब्रेरी में लगे कैमरों के फुटेज खंगाले। इनमें रात करीब दो बजे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। हालांकि फुटेज में उसका चेहरा स्पष्ट नहीं है। पुलिस उसकी पहचान के लिए क्षेत्र के अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है।
डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। डॉग दुकान के बगल वाले हिस्से से निकलकर सडक़ और गली होते हुए अंबेडकर चौक तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद आगे की दिशा का सुराग नहीं मिल सका। गांधीनगर पुलिस मामले की जांच के साथ संदिग्ध की तलाश में जुटी है।